साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने बताया ‘गौमूत्र की मदद से ठीक हो गया मेरा कैंसर’

Go to the profile of  Punctured Satire
Punctured Satire
1 min read
साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने बताया ‘गौमूत्र की मदद से ठीक हो गया मेरा कैंसर’

भाजपा नेता साध्वी प्रज्ञा ने अपने कैंसर के ठीक होने की वजह गौमूत्र को बताया है। ये बात उन्होंने अपने एक इंटरव्यू के दौरान कही। उनके अनुसार गौशाला में साधना होती है। उन्होंने कहा कि जब उन्हें कैंसर था तब वे गौमूत्र और पंचगव्य से बनी औषधियों का सेवन करती थीं।

भाजपा ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को भोपाल लोकसभा चुनाव क्षेत्र से सीट दी है। उनके नाम की घोषणा के साथ ही वे लगातार सुर्ख़ियों में बनी हुई हैं। वे आज मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगी। अपने बयानों के कारण चर्चा में रहने वाली साध्वी प्रज्ञा ने अब दावा किया है कि उनका कैंसर गौमूत्र की वजह से ठीक हुआ है।

चुनाव में गाय का मुद्दा भी अक्सर चर्चा में आ जाता है। गाय पर बात करते हुए उन्होंने गौ धन को अमृत कहा है। अपने एक इंटरव्यू के दौरान साध्वी प्रज्ञा ने गौशाला को साधना के लिए उत्तम स्थान बताया। उन्होंने अपने इसी इंटरव्यू में कहा कि उनका कैंसर गौमूत्र के कारण ही ठीक हुआ है। उन्होंने कहा कि कैंसर के इलाज के दौरान उन्होंने पंचगव्य से बनी औषधियों का सेवन भी किया था।

साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि पंचगव्य में गौमूत्र, गोबर और दही समेत 5 चीजें शामिल होती हैं। इस सबका सेवन करने से उनकी बीमारी ठीक हुई है। अपने इंटरव्यू के दौरान उन्होंने यह भी बताया कि गाय के ऊपर हाथ फेरने से ब्लड प्रेशर भी कंट्रोल में किया जा सकता है। उनके अनुसार गाय के ऊपर सिर से पीछे की तरफ हाथ फेरने से गाय और आपको सुख की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से गाय को थोड़ी परेशानी तो होती है लेकिन हाथ फेरने वाले व्यक्ति का ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है। उनके अनुसार इस प्रकार गाय खुद तकलीफ़ उठाकर लोगों को सुख देती है। उन्होंने इसकी वैज्ञानिक पुष्टि की बात भी कही है।

ग़ौरतलब है कि जब से भाजपा ने साध्वी प्रज्ञा को भोपाल सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है तब से उनकी आलोचना हो रही है। मालेगांव ब्लास्ट में आरोपी प्रज्ञा ठाकुर को उनके हेमंत करकरे पर दिए गए बयान पर भी कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। उनके बाबरी मस्जिद पर दिए गए बयान के कारण भी विपक्ष उन्हें घेरने की कोशिश कर रहा है।

GO TOP