प्रकाश राज ने कांग्रेस पर फेक न्यूज़ फैलाने का आरोप लगाया, चुनाव आयोग से की शिकायत

Go to the profile of  Prabhat Sharma
Prabhat Sharma
1 min read
प्रकाश राज ने कांग्रेस पर फेक न्यूज़ फैलाने का आरोप लगाया, चुनाव आयोग से की शिकायत

फिल्मों में अपने अभिनय का जलवा बिखेरने वाले प्रकाश राज अब चुनाव लड़ रहे हैं। वे बेंगलुरु सेन्ट्रल से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में खड़े हो रहे हैं। हाल ही में उन्होंने कांग्रेस पर फेक न्यूज़ फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसके लिए चुनाव आयोग में शिकायत भी दर्ज करा दी है।

खबरों के अनुसार उन्होंने एक बार बेंगलुरु सेन्ट्रल से ही कांग्रेस के प्रत्याशी रिजवान अरशद से हाथ मिलाया था। उनके अनुसार कांग्रेस ने इसका फायदा उठाते हुए सोशल मीडिया पर यह फेक न्यूज़ फैला दी कि प्रकाश राज कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। प्रकाश राज का आरोप है कि उनकी तस्वीर का गलत इस्तेमाल करते हुए कांग्रेस ने यह झूठी खबर फैलाई है।

प्रकाश राज ने कहा कि यह काम मजहर अहमद ने किया है जो खुद को रिजवान का पीए बता रहा है। उन्होंने कहा कि उसने रिजवान के साथ हाथ मिलाते उनकी तस्वीर को व्हाट्स ऐप पर शेयर किया था और कहा था कि प्रकाश राज कांग्रेस में शामिल हो गएँ हैं अब उन्हें वोट देकर अपने वोट बर्बाद न करें।

अपने ट्विटर पर प्रकाश राज ने लिखा कि “कांग्रेस के द्वारा फेक न्यूज़… इस पार्टी की गंदी राजनीति को देखिये। मैंने चुनाव आयोग को सबूतों के साथ शिकायत भेज दी है। कृपया फेक न्यूज़ से लड़ने के लिए इसे शेयर करें।”

इस बारे में झूठी खबरों के आने के बाद रिजवान अरशद ने अपनी ओर से सफाई दी है और लोगों से अपील की है कि इस तरह की अफ़वाहों पर यकीन न करें।

उन्होंने अपने ट्विटर पर लिखा कि “निश्चित रूप से प्रकाश राज के साथ मेरे संबंधों को लेकर कुछ फेक न्यूज़ सर्कुलेशन में आ गई हैं। मैं निवेदन करता हूँ कि इस पर यकीन न करें। मैं यह चुनाव विकास के एजेंडे पर लड़ रहा हूँ और इसके लिए लोगों का आशीर्वाद मेरे साथ है। प्रकाश राज एक निर्दलीय प्रत्याशी हैं और मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूँ।

ग़ौरतलब  है कि बेंगलुरु  सेंट्रल लोकसभा सीट पर आज मतदान हो रहा है। इस सीट पर भाजपा की तरफ से पी सी मोहन मैदान में हैं जबकि कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की ओर से रिजवान अरशद चुनाव लड़ रहे हैं। प्रकाश राज ने 5 जनवरी को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में यहाँ से चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। वे लंबे समय से देश के ज्वलंत मुद्दों पर बोलते रहे हैं। उन्होंने कई बार मोदी सरकार की भी कड़ी आलोचना की है। वे हिंदी सिनेमा में बतौर विलेन काफी हिट रहे। सिंघम, वांटेड और दबंग -2 में उनके अभिनय को लोगों ने खूब पसंद किया था।

GO TOP