10 राज्यों में तापमान 44 डिग्री पार, श्रीगंगानगर में पारा 49.6 के ऊपर, टूटा 85 साल पुराना रिकॉर्ड

Go to the profile of  Nikhil Talwaniya
Nikhil Talwaniya
1 min read
10 राज्यों में तापमान 44 डिग्री पार, श्रीगंगानगर में पारा 49.6 के ऊपर, टूटा 85 साल पुराना रिकॉर्ड

नौतपा में गर्मी ने कहर ढा दिया है। देश के 10 राज्यों में तापमान 44 डिग्री या उसके ऊपर चला गया है। गर्मी में राजस्थान, उत्तरप्रदेश, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, हरियाणा, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ का बुरा हाल है। इस बार राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान 49.6 डिग्री तक पहुँच गया है। 85 सालों में पहली बार यहाँ का तापमान इस उच्च स्तर तक पहुंचा है। साल 1934 में जून के महीने में यहाँ का तापमान 50 डिग्री दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग ने फिलहाल गर्मी से राहत नही मिलने की बात कही है। रविवार के दिन चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में 40-50 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से आंधी चलने की संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की है। मौसम की मार के मद्देनज़र दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, पूर्वी यूपी, राजस्थान और हरियाणा के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दक्षिण के राज्यों तेलंगाना, महाराष्ट्र के विदर्भ और कर्नाटक में गर्मी के वजह से 17 लोगों के मारे जाने की भी खबर है।

स्काई मेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने यह कहा कि अभी कोई मजबूत पश्चिमी विक्षोभ नही आ रहा है। उनके अनुसार अभी प्री-मानसून की घटनाएं भी नही हो रही हैं। इसके कारण हवा में नमी की मात्रा में भी गिरावट आई है। 6 जून तक राहत मिलने के संभावना नही है।

राजस्थान

राजस्थान भीषण गर्मी की चपेट में है। यहाँ जयपुर, जोधपुर और श्रीगंगानगर समेत 12 शहर लू की चपेट में हैं। श्रीगंगानगर में पारा रिकॉर्ड स्तर (49.6 डिग्री सेल्सियस) पर पहुँच गया है, वहीं चूरू में भी तापमान सबसे ज़्यादा (48.5 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया है। प्रदेश के फलोदी में रात भी सबसे गरम रही। यहाँ रात का तापमान 36.2 डिग्री था। राजस्थान के बीकानेर तथा जैसलमेर में तापमान 46 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया।      

मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश के 13 शहर गर्मी की मार झेल रहे हैं। भोपाल में शुक्रवार को तापमान 44.4 डिग्री तक पहुँच गया था। मौसम वैज्ञानिक उदय सरवटे ने बताया की अगले 2 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। भोपाल में रात का तापमान भी 31.4 डिग्री रहा। प्रदेश के पचमढ़ी, सिवनी और नरसिंहपुर के अतिरिक्त सभी जगह तापमान 42 डिग्री के ऊपर है। यहाँ जबलपुर में भी गर्मी ने अपना 120 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 1990 में यहाँ का अधिकतम तापमान 46.75 रिकॉर्ड किया गया था। शुक्रवार के दिन यहाँ का तापमान 46.8 डिग्री था।

मध्यप्रदेश के जबलपुर, रीवा, खजुराहो, दमोह और नौगांव में तापमान 46 डिग्री के अधिक दर्ज किया गया। सीधी, सतना, उमरिया, खरगोन, रायसेन, सागर, ग्वालियर और होशंगाबाद में तापमान 45 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड किया गया था।

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश भी मौसम की मार से बेहाल है। यहाँ बाँदा में अधिकतम तापमान 48.04 दर्ज किया गया। गुरुवार के दिन यहाँ पिछले 25 साल में सर्वाधिक 48.06 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले यहाँ का अधिकतम तापमान 48.04 डिग्री सेल्सियस था। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, झांसी, उरई और चुर्क में 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है।

छत्तीसगढ़

मौसम ने छत्तीसगढ़ में भी लोगों का हाल बुरा कर दिया है। यहाँ बिलासपुर में सर्वाधिक 44.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार के दिन बिलासपुर में 44.4 डिग्री, अंबिकापुर में 42 डिग्री, रायपुर में 43.5 डिग्री तथा राजनांदगाँव में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

दिल्ली

मौसम विभाग ने बताया है कि 6 जून तक दिल्ली को मौसम की मार झेलनी पड़ेगी। यहाँ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से चलने वाली लू लोगों को परेशान कर सकती है। दिल्ली में तापमान में बड़ी गिरावट की गुंजाईश से मौसम विभाग ने अभी इंकार किया है। मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार शुक्रवार के दिन दिल्ली के सफदरजंग में 44.8 डिग्री तथा पालम में 46.2 डिग्री तापमान था।

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में मौसम के बिगड़े हालात के मद्देनज़र येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहाँ भी अधिकतर शहरों को तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुँच गया है।

GO TOP