मुंबई और झारखंड के बीच विजय हजारे ट्रॉफी का एक लीग मैच अलूर में खेला गया है। इस मैच में मुंबई के यशस्वी जयसवाल ने वो कारनामा कर दिखाया है, जो अभी तक कोई क्रिकेटर नहीं कर सका है। झारखंड के खिलाफ मैच में यशस्वी ने 154 गेंद पर 203 रनों की पारी खेली। दोहरा शतक ठोक कर यशस्वी ने रिकॉर्ड बना दिया है।

यशस्वी की उम्र महज 17 साल हैं। विजय हजारे ट्रॉफी में वो इससे पहले दो सेंचुरी ठोक चुके हैं। यशस्वी ने झारखंड के खिलाफ 154 गेंदों का सामना किया और इस दौरान 17 चौके और 12 छक्के भी जड़े। यशस्वी जायसवाल का स्ट्राइक रेट इस समय 134.23 का था। इसी के साथ यशस्वी जयसवाल दुनिया के सबसे कम उम्र के पहले क्रिकेटर बन गए हैं, जिन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में 17 साल की उम्र में डबल सेंचुरी ठोकी है।

यशस्वी विजय हजारे ट्रॉफी में दोहरा शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले केरल के संजू सैमसन और उत्तराखंड के कर्ण कौशल ऐसा कर चुके हैं। सैमसन ने इसी साल गोवा के खिलाफ 212 रन की पारी खेली थे। वे टूर्नामेंट में हाईएस्ट स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज हैं। दूसरी ओर कौशल ने पिछले सीजन में सिक्किम के खिलाफ 202 रन बनाए थे।

इसी सीजन में लिस्ट ए क्रिकेट में डेब्यू करने वाले यशस्वी जायसवाल अपने पहले ही टूर्नामेंट में कमाल का खेल दिखा रहे हैं। यशस्वी ने अबतक 5 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 100 से ज्यादा की औसत से 504 रन ठोक दिए हैं। उनके बल्ले से कुल 3 शतक निकले हैं और टूर्नामेंट में उन्होंने मुंबई के लिए सबसे ज्यादा 20 छक्के और 44 चौके लगाए हैं।