साध्वी प्रज्ञा का मीडिया पर आरोप “मेरे बयान को नकारात्मक तरीके से पेश किया गया”

Go to the profile of  Punctured Satire
Punctured Satire
1 min read
साध्वी प्रज्ञा का मीडिया पर आरोप “मेरे बयान को नकारात्मक तरीके से पेश किया गया”

महाराष्ट्र एटीएस प्रमुख हेमंत करकरे पर दिए पर अपने बयान पर चुनाव आयोग को जवाब देते हुए भोपाल लोकसभा क्षेत्र से भाजपा की उम्मीदवार प्रज्ञा ठाकुर ने मीडिया को दोषी ठहराया है। उनके अनुसार मीडिया ने उनके बयान को नकारात्मक तरीके से पेश किया है। चुनाव आयोग को दिए गए अपने जवाब में उन्होंने कहा कि उनकी ओर से शहीद की शहादत का अपमान नही किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके द्वारा दिए गए बयान का एक लाइन के आधार पर अर्थ नही निकाला जाना चाहिए बल्कि पूरे वाक्य का अर्थ निकालना चाहिए।‌‌

उन्होंने खुद को प्रताड़ित किये जाने पर कहा था कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कहे अनुसार उन्हें जो यातनाएं दी गई थी उन्होंने अपने बयान में सिर्फ उनका उल्लेख किया था। उन्होंने कहा कि उन्हें अधिकार है कि उनके साथ जो हुआ है उसे जनता के सामने रखें। उन्होंने कहा कि मीडिया ने उनकी बात को नकारात्मक तरीके से जनता के सामने रखा है। उन्होंने कहा कि मेरी ओर से किसी धर्म, जाति या संप्रदाय पर ऐसी कोई टिपण्णी नही की गई जिससे किसी की भावनाएं आहत होती हों।‌‌

प्रज्ञा ठाकुर मालेगांव बम विस्फोट के आरोप में गिरफ़्तारी और उन पर हुई कार्यवाही पर बात कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने मुंबई आतंकी हमले में शहीद हुए एटीएस प्रमुख हेमंत करकरे को लेकर विवादास्पद बयान दे दिया था। इस बयान के बाद लोग उनकी काफी आलोचना कर रहे थे।

जेल में अपने हालात में बारे में बात करते हुए प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि उन दिनों वे मुंबई जेल में थीं। उनके अनुसार जांच आयोग ने एटीएस प्रमुख को बुलाकर सबूत न होने की स्थिति में छोड़ देने को कहा था। लेकिन करकरे ने उन्हें छोड़ने के बजाय उनसे सवाल पूछे।

प्रज्ञा ठाकुर ने कहा “उस समय मैंने करकरे को कहा था कि तेरा सर्वनाश होगा। उसी दिन से उस पर सूतक लग गया था और सवा महीने के भीतर ही आतंकवादियों ने उसे मार दिया था।” उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म के अनुसार किसी की जन्म या मृत्यु के बाद घर में सवा महीने का सूतक लगता है। जिस दिन करकरे ने मुझ से सवाल पूछे थे उसी दिन से उस पर सूतक लग गया था और आतंकवादियों ने उसे मार डाला।”

प्रज्ञा ठाकूर के इस बयान को काफी लोगों ने आपत्तिजनक बताया था और इसे एक शहीद का अपमान माना। इसके लिए चुनाव आयोग ने प्रज्ञा ठाकुर से जवाब माँगा था। ग़ौरतलब है कि प्रज्ञा ठाकुर भाजपा की ओर से भोपाल सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को 2019 के चुनावों में टक्कर दे रही हैं।

GO TOP