महंत श्री शिवकुमार स्वामी का कर्नाटक की राजनीति में रहा है प्रभाव, निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक

Go to the profile of  Rishabh Verma
Rishabh Verma
1 min read
महंत श्री शिवकुमार स्वामी का कर्नाटक की राजनीति में रहा है प्रभाव, निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक

कर्नाटक के तुमकुरु में श्रीसिद्धगंगा मठ का नेतृत्व करने वाले लिंगायत समुदाय के धर्मगुरू डॉ शिवकुमार स्वामी जी का सोमवार को 111 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। शिवकुमार स्वामी कुछ समय से अस्वस्थ थे और पिछले दो सप्ताह से वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने स्वामी जी के निधन की सूचना देते बताया की “सुबह 11 बजकर 44 मिनट पर उनका निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार कल दोपहर बाद साढ़े चार बजे होगा।”  स्वामी जी के निधन पर कर्नाटक में तीन दिवसीय शोक मनाया जाएगा और लाखों लोगों द्वारा पूजनीय धर्मगुरू के सम्मान में मंगलवार को स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।

स्वामी जी के निधन पर अपना दुख जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, 'वे जीवित भगवान थे, देश के लिए उनकी सेवा का बखान शब्दों में नहीं किया जा सकता। उनका निधन देश के सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक क्षेत्र के लिए भारी क्षति है।'

महंत श्री शिवकुमार स्वामी जी के निधन पर पीएम मोदी ने भी ट्वीट कर अपना शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा, 'महंत श्री शिवकुमार स्वामी जी लोगों के लिए जीये, विशेष रूप से गरीब और कमजोर लोगों के लिए। उन्होंने खुद को गरीबी, भुखमरी और सामाजिक अन्याय जैसी बीमारियों को कम करने के लिए समर्पित किया।'

कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी स्वामी जी के निधन पर दुख व्यक्त करते किया है। उन्होंने अपने संदेश में लिखा 'सिद्धगंगा मठ के महंत शिवकुमार स्वामी जी के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। स्वामी जी सभी धर्मों और समुदायों के करोड़ों भारतीयों के प्रति आदर और सम्मान करते थे। उनके सभी अनुयायियों के प्रति मेरी संवेदना।'

भाजपा नेता एवं कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने अपने शोक सन्देश में ल‍िखा, 'राष्ट्र ने एक महान हस्ती खो दी है। उनका जाना एक बड़ा नुकसान है। उन्होंने वह पूरा जीवन ज‍िया जो इतिहास में अद्वितीय है। वह 90 साल तक काम करते रहे।'

बता दें की कर्नाटक राज्य की राजनीति में सिद्धगंगा मठ का तथा यहां के महंत श्री शिवकुमार स्वामी जी का काफी प्रभाव रहा है। इनके प्रभाव को इस प्रकार से समझा जा सकता है की प्रधानमंत्री मोदी से लेकर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और गांधी परिवार तक के लोग सभी उनका सम्मान किया करते थे।

GO TOP