हरियाणा में एक ऐसी घटना घटित हुई जिसे सुनकर आप दंग रह जाएंगे। दरअसल यहाँ पर एक ऐसे तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफ़ाश हुआ है। जो कि देश के अन्य राज्यों से महिलाओं की तस्करी करते थे। महाराष्ट्र के गरीब परिवार से आई एक लड़की को इन तस्करों ने 4 बार अलग अलग तस्करों को बेचा। इन तस्करों ने इस लड़की के साथ कई बार गैंगरेप किया है। इस लड़की को तब बचाया गया जब यह तस्कर उस लड़की को पांचवी बार बेचने की तैयारी कर रहे थे।

रिपोर्ट के अनुसार इस लड़की को महाराष्ट्र से अगवा करके लाया गया था और उसे आठ साल में करीब 4 बार बेच दिया गया। कई बार गैंगरेप होने की वजह से वो गर्भवती हो गई थी फिर भी इन दरिंदों ने उसे नहीं छोड़ा और उसके साथ लगातार बलात्कार करते रहे। उस नाबालिग लड़की ने इन आठ सालों में 1 लड़के और 1 लड़की को भी जन्म दिया था।

इस मामले का खुलासा कुछ इस तरह हुआ। हरियाणा के यमुना नगर में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने ही मकान में रहने वाली एक औरत को लड़की की खरीद-फरोख्त करने की बात सुनी थी। यह महिला पहले भी मानव तस्करी में शामिल थी और पहले भी वे जेल जा चुकी थी। मकान मालिक ने यह बात सुनी तो उसने इसकी जानकारी "आई एम ए ब्लड डोनर" नाम की एक संस्था को दी जिसके बाद संस्था के लोग पुलिस के साथ पहुंचे और उस युवती को उन तस्करों के चंगुल से छुड़ाया। तत्पश्चात उस लड़की कि काउंसलिंग की गई जिसमे लड़की ने अपने साथ आठ साल में हुई घटना के बारे में बताया।

युवती ने बताया "उसे करीब 8 साल पहले महाराष्ट्र के चंद्रपुर से अगवा किया गया था उस समय वो मात्र 13 साल की थी। वहां के एक स्थानीय मंदिर में उसे बेचने की डील हुई थी। उसका जान्हवी नाम की एक महिला ने अपहरण किया था उसके बाद उसे सुनीता शूटर को 1 लाख रूपए में बेच दिया था। उसके बाद उसे हरियाणा के करनाल में रहने वाले एक शख्स को फिर एक लाख रुपये में बेच दिया गया। बेचे जाने के बाद चार लोगों ने बार-बार उसका गैंगरेप किया। फिर उसी कीमत पर उसे एक 42 वर्षीय हरियाणा निवासी को बेच दिया गया। उसने 20 दिनों तक उसके साथ बलात्कार किया। इसके बाद आरोपी सुनीता शूटर ने 20,000 रुपये लेकर नारायण गढ़ के गढ़ी गांव भेज दिया। वहां उसके साथ कुछ लोगों ने सात दिनों तक बलात्कार किया गया। उसे आखिरी बार फतेहाबाद में सात साल पहले 1.5 लाख रुपये में धर्मवीर नाम के शख्स को बेचा गया था। आरोपी सुनीता शूटर उसे आगे इसलिए नहीं बेच पाई क्योंकि उसे एक आपराधिक मामले में सात साल की सजा हो गई थी।" आगे उसने बताया कि "मुझे धरमवीर ने प्रताड़ित किया और उसकी मां कमला देवी के निर्देश पर उसके दो भाइयों कृष्ण श्योराण और राकेश कुमार ने बार-बार बलात्कार किया। इतना ही नहीं धरमवीर के दोस्तों जय सिंह और सुनील उर्फ ​​सोनू ने भी उसके साथ रेप किया।"

वही संस्था के लोगों ने यमुना नगर सहायक पुलिस उपनिरीक्षक पर आरोपियों से झूठे शपथ पत्र लेने और पीड़िता को आरोपी सुनीता शूटर को सौंपने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। इसके बाद लड़की ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है क्योंकि आरोपियों ने उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी है।

पुलिस ने तस्करी करने वाले गिरोह की सरगना सुनीता उर्फ ​​सपना शूटर, उसके बेटे विक्की, बेटी निक्की, धरमवीर, कृष्ण श्योराण, राकेश कुमार, कमला देवी, जय सिंह, सुनील उर्फ ​​सोनू और जाह्नवी के खिलाफ धारा 323, 328, 354, 365, 366A के तहत मामला दर्ज कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।