दुबई के अरबपति शासक की छठी पत्नी रानी हया बिन्त अल हुसैन के देश छोड़ कर भागने की खबर आई है, सूत्रों के अनुसार हया बिन्त अल हुसैन अपने साथ करीब 31 मिलियन पाउंड (270 करोड़ रुपये) तथा अपने 2 बच्चों को साथ ले कर भागी है।

खबर यह है कि दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की पत्नी लंदन में छुपी है। बता दें कि हया बिन्त अल हुसैन ने पहले ही कहा था कि वह अपने पति से तलाक चाहती है। इसी वजह से ही वह पहले जर्मनी भाग गई थी। अल हुसैन जॉर्डन के शाह (राजा) अब्दुल्ला की वह सौतेली बहन है। उनके दो बच्चे है जलीला और जैयद जो कि 11 और 7 साल के है। यह भी खबर है कि अपनी नयी जिंदगी शुरू करने के लिए हया बिन्त अल हुसैन अपने साथ 31 मिलियन पाउंड भी ले गयी है।

बता दें की सोशल मीडिया पर हमेशा एक्टिव रहने वाली रानी हया बिन्त अल हुसैन बहुत लम्बे समय से एक्टिव नहीं हैं। साथ ही उन्हें 20 मई के बाद से जनता के मध्य भी नहीं देखा गया है। हालाँकि अल हुसैन का सोशल मीडिया अकाउंट चैरिटेबल कार्यों की तस्वीरों से भरा रहता है परन्तु फरवरी के बाद से उन्होंने इस पर भी कुछ पोस्ट नहीं किया है।

अरब मीडिया की खबरों में यह दावा भी किया गया है कि दुबई से हया बिन्त अल हुसैन की भागने में जर्मन राजनयिक ने सहायता की है। जिसके कारण दोनों देशों के मध्य संभावित राजनयिक संकट पैदा हो सकता है।

दुबई के शाही परिवार के सबसे नज़दीकी 2 सूत्रों ने बताया कि रानी हया तलाक मांग रही है और उन्होंने देश छोड़ दिया है। बता दें कि इससे पहले दुबई के शासक की बेटी रानी लतीफा ने भी दुबई से भागने का प्रयत्न किया था। लेकिन उन्हें भारतीय तटरक्षक बलों ने पकड़ लिया था और वापस दुबई को सौंप दिया था।