हैदराबाद के चर्चित प्रियंका रेड्डी हत्याकांड मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है। घटना के बाद से ही पुलिस इस हत्याकांड के आरोपियों को पकड़ने में लगी है। साइबराबाद पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। हमले का मास्टरमाइंड मोहम्मद पाशा के अलावा पुलिस ने जिन तीन अन्य आरोपितों को पकड़ा है, उनके नाम हैं – नवीन, केशवुलु और शिवा।

पुलिस के मुताबिक, यह एक पूर्व नियोजित बलात्कार और हत्या का मामला है। चारों आरोपी बहुत दिन से रेप और मर्डर की योजना बना रहे थे। उन्होंने प्लानिंग से टोंडुपल्ली टोल प्लाजा के पास पार्क की हुई प्रियंका की स्कूटी के टायर को जानबूझकर पंचर किया। इसके बाद प्लान के मुताबिक आरोपियों ने आगे काम किया।

जिसके बाद उन्होंने मदद के बहाने प्रियंका को उठा लिया और उसे खाली जगह पर ले गए। जहाँ उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया और उसके बाद करीब 30 km दूर ले जाकर उसपर मिट्टी का तेल डालकर जला दिया गया। आरोपियों ने शराब पी रखी थी। आरोपियों के पास पुलिस को प्रियंका के अंतर्वस्त्र भी मिले।  

रिपोर्ट के अनुसार, पशु चिकित्सक प्रियंका रेड्डी कोल्लुरु स्थित पशु चिकित्सालय में काम करती थीं। बुधवार को जब वह हॉस्पिटल से लौट कर गाड़ी के पास पहुंची तो उसकी गाड़ी पंक्चर थी। प्रियंका ने इसकी सूचना अपनी बहन को दी और कहा कि उसे डर लग रहा है, क्योंकि उनके आसपास सिर्फ लोडिंग ट्रक और अनजान लोग हैं।