दुबई में बजेगा भारत के प्राचीन खेल मलखम्ब का डंका, रतलाम के ये दो खिलाड़ी दिखाएँगे अपना हुनर

Go to the profile of  Rishabh Verma
Rishabh Verma
1 min read
दुबई में बजेगा भारत के प्राचीन खेल मलखम्ब का डंका, रतलाम के ये दो खिलाड़ी दिखाएँगे अपना हुनर

भारत के प्राचीन खेल मलखम्ब का प्रदर्शन दुबई में होने वाला है। यहाँ रतलाम के दो खिलाड़ी जितेंद्र सिंह राणावत व अमन सिंह सिसोदिया मलखम्ब का डंका बजाने के लिए तैयार है। दुबई में आयोजित सांस्कृतिक प्रोग्राम के अंतर्गत ये देश के इस प्राचीन खेल मलखम्ब से लोगों को रूबरू कराएँगे। इन दोनों का चयन अहमदाबाद की रंगसागर संस्था के द्वारा किया गया है।

मलखम्ब भारत का बहुत पुराना खेल है, लेकिन लोगों की इसमें रूचि कम होने के कारण यह धीरे-धीरे लुप्त होता जा रहा है। रतलाम के मलखम्ब खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से एक बार फिर इस तरफ लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। अब विदेशों में भी इस खेल को लोकप्रियता दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। दुबई में 2 अगस्त से 9 अगस्त के बीच चलने वाले सांस्कृतिक आयोजन में इस खेल का प्रदर्शन किया जायेगा।

दुबई में होने वाले इस समारोह में कई देशों के लोग अपनी-अपनी संस्कृति से विश्व को रूबरू कराएँगे। भारत के द्वारा अपने इस प्राचीन खेल मलखम्ब से विश्व के लोगों परिचित कराया जायेगा। इससे इस खेल को विश्व स्तर पर पहचान मिलेगी।

रतलाम के मलखम्ब खिलाड़ी इस खेल के प्रति सरकार की उदासीनता से दुःखी हैं। खिलाड़ी प्रदेश सरकार से मांग कर रहे हैं कि वे इस खेल से जुड़े लोगों की मदद करे और उन्हें उचित सुविधा और प्रोत्साहन दे। लेकिन सरकार अभी तक मलखम्ब खिलाड़ियों के प्रति उदासीन ही बनी हुई है।

मलखम्ब में बगैर गद्दों के प्रशिक्षण से खिलाड़ियों से चोटिल होने का डर बना रहता है। रतलाम के मलखम्ब खिलाड़ी खेल के लिए उचित सुविधा उपलब्ध नहीं होने पर भी इस खेल के प्रति बच्चों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। वे यहाँ इस कला से लोगों को परिचित करा रहा हैं।

GO TOP