फरहान अख्तर ने ट्विटर पर किया CAA का विरोध, IPS अधिकारी ने कहा इनके खिलाफ हो कार्रवाई

Go to the profile of  Prabhat Sharma
Prabhat Sharma
1 min read
फरहान अख्तर ने ट्विटर पर किया CAA का विरोध, IPS अधिकारी ने कहा इनके खिलाफ हो कार्रवाई

नागरिकता संशोधन अधिनियम का विरोध कई दिनों से चलता आ रहा है। सोशल मीडिया पर भी कुछ लोग इसका विरोध कर रहे हैं। अभिनेता फरहान अख्तर भी नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ कई दिनों से सोशल मीडिया पर अपना रिएक्शन देते आ रहे है। अब उन्होंने एक ट्वीट किया जिसमे लिखा है कि सोशल मीडिया पर विरोध करने का समय अब खत्म हो गया है।

फरहान अख्तर ने अपने इस ट्वीट में नागरिकता संशोधन कानून और नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजन के बारे कुछ जानकारी ट्वीट करते हुए लिखा। "यहां आपको जानने की जरूरत है कि ये प्रदर्शन क्यों जरूरी हैं। आप सभी से 19 तारीख को क्रांति मैदान, मुंबई में मिलते हैं। सिर्फ सोशल मीडिया पर विरोध करने का समय अब खत्म हो चुका है।"

अब अगर हम इस ट्वीट को पढ़ें तो इससे सिद्ध होता है कि गुरुवार को मुंबई के क्रांति मैदान में होने वाले कार्यक्रम की अपील फरहान ने की है। वे अब अपने फैन्स से सीधे मिलने वाले है और अब वे इन दोनों मुद्दों को सोशल मीडिया से अलग हटकर इसका विरोध खुले मैदान में करने वाले है।

फरहान के ट्वीट का जवाब देते हुए एक वरिष्ठ IPS अधिकारी संदीप मित्तल ने फरहान के ऊपर कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है। अपने ट्वीट में संदीप ने कहा "आपको ये भी पता होना चाहिए कि आपने कानून का उल्लंघन किया। आपके ट्वीट से पता चलता है कि ये सब आपने अनजाने में नहीं किया है। मुंबई पुलिस और एनआई आप सुन रहे हैं। कृप्या राष्ट्र के बारे में सोचिए जिसने आपको जीवन में सबकुछ दिया है।" इसके साथ उन्होंने IPC की धारा 121 की जानकारी देने वाला एक वीडियो भी शेयर किया है।

ग़ौरतलब है कि इस कानून का विरोध करने वालों में फरहान अकेले नहीं है उनके साथ जावेद जाफरी ने भी ट्वीट करके लोगों से अगस्त क्रांति मैदान में आने का अनुरोध किया है। इन सब के साथ स्वरा भास्कर, ऋचा चड्ढा, जीशान अय्यूब, सयानी गुप्ता, रेणुका श्हाणे और हूमा कुरैशी जैसी कई हस्तियों ने भी इस मामले में अपना पक्ष रखा है।

GO TOP