योगी सरकार बनाएगी भगवान राम की 251 मीटर ऊंची प्रतिमा, होगी विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा

Go to the profile of  Punctured Satire
Punctured Satire
1 min read
योगी सरकार बनाएगी भगवान राम की 251 मीटर ऊंची प्रतिमा, होगी विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा

अयोध्या में उत्तरप्रदेश की योगी सरकार ने भगवान श्रीराम की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा बनवाने का फैसला किया है। इसकी ऊंचाई 251 मीटर होगी। यह प्रतिमा अयोध्या में सरयू नदी के किनारे 100 हेक्टेयर भूमि पर स्थापित की जाएगी।

सोमवार को इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय कमेटी की बैठक भी हुई। इस बैठक में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा सहित कैबिनेट मंत्री भी शामिल थे।

बैठक में यह निश्चय हुआ कि एक ट्रस्ट का गठन मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में किया जाएगा। साथ ही ट्रस्ट का नाम और उनके ट्रस्टी भी निश्चित हो जाएंगे और राजकीय निर्माण निगम के डिजाइन कंसल्टेंट के चयन हेतु पहले की गई कार्यवाही को हटा कर नए तरीके से प्रक्रिया का अनुमोदन किया गया।

योगी ने कहा कि सरयू किनारे इस 100 हेक्टेयर भूमि पर भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा स्थापित करने का काम तेजी से शुरू होना चाहिए। साथ ही अयोध्या के संपूर्ण विकास के लिए पूरी योजना भी जल्द तैयार होनी चाहिए। जिसके अंतर्गत भगवान श्रीराम पर आधारित डिजिटल म्यूजियम, लाइब्रेरी, इंटरप्रिटेशन सेंटर, फूड प्लाजा, पार्किंग, लैंडस्केपिंग आदि की व्यवस्थाएं भी होनी चाहिए।

प्रतिमा स्थापना की तैयारियाँ सरकार ने शुरू कर दी हैं। गुजरात सरकार के साथ उत्तर प्रदेश सरकार तकनीकी मदद और सुझावों हेतु एमओयू करेगी। राजकीय निर्माण निगम की अलग इकाई निर्माण कार्य हेतु स्थापित करने पर भी विचार किया जा रहा है।

प्रस्तावित साइट का हाइड्रोलॉजिकल, जियोलाजिकल, सीस्मिक सर्वे भी कराया जाएगा। कार्य के समन्वय और क्रियान्वयन के लिए वित्त, नगर विकास, पर्यावरण, वन, सिंचाई, ऊर्जा, लोक निर्माण, औद्योगिक, आवास विकास के लिए 1-1 नोडल अधिकारी भी नामित होंगे।

भगवान राम की प्रस्तावित प्रतिमा विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा होगी क्योंकि इसकी ऊंचाई 251 मीटर होगी।

GO TOP