कुछ समय पहले ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने यह घोषणा की थी वो जल्द ही अपना एक प्राइवेट आर्मी स्कूल खोलने जा रहा है। अब RSS का अनुषांगी संगठन विश्व हिंदू परिषद (VHP) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है की गुरुग्राम में विश्व हिंदू परिषद अपना पहला  विश्वविद्यालय शुरू करने जा रहा है। इस विश्वविद्यालय में देश विदेश के विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त करेंगे।

आपको बता दें की इस विश्वविद्यालय को खोलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसका भूमि पूजन भी हो चुका है। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन ने इस बात की जानकरी दी की यह विश्वविद्यालय अगले साल शुरू होगा और इसका नाम विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रहे अशोक सिंघल के नाम पर रखा जाएगा। इसका नाम अशोक सिंघल वेद विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय रखा जाएगा।

सुरेंद्र जैन ने बताया की इसका मुख्य उद्देश्य वैदिक पद्धति से होने वाली पढ़ाई को बढ़ावा देना है। इसके कैंपस में एक वैदिक टावर भी बनाया जाएगा, एक ऑडियो-विजुअल स्टूडियो के साथ इसके  अलग-अलग फ्लोर पर हर वेद और उससे जुड़ा साहित्य मौजूद होगा। यहां पर गौशाला, मंदिर और मेडिटेशन हॉल के अलावा यज्ञ शाला भी होगी। साथ ही पूरा कैंपस शराब व नशे की अन्य वस्तुओं, ई-वेस्ट, प्लास्टिक, तंबाकू और जंग फूड से मुक्त होगा।

रिपोर्ट के अनुसार, यह पूरा विश्वविद्यालय करीब 39.68 एकड़ में तैयार हो रहा है। इसका निर्माण कई चरणों में किया जाएगा। इस विश्वविद्यालय में शुरुआत में कृषि तंत्रम, वास्‍तु तंत्रम, पर्यावरण विज्ञान, लिपि विज्ञान और युद्धतंत्रम सहित कुल बीस विषयों में शिक्षा दी जाएगी।