आजकल एक अफगानी बच्चे वीडियो ऑनलाइन खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने दुनिया भर के हजारों लोगों के दिलों को छू लिया है। वीडियो में अफग़ानिस्तान के एक लड़के को कृत्रिम पैर मिलने के बाद खुशी से नाचते हुए दिखाया गया है।

दक्षिण अफग़ानिस्तान की एक महिला स्टोरी टेलर रॉय मुसावी ने इस वीडियो को अपने ट्विटर अकाउंट के माध्यम से शेयर किया और इसे अब तक 20000 लोग पसंद कर चुके हैं। रॉय मुसावी के मुताबिक़ इस वायरल वीडियो में अहमद नाम का एक लड़का नजर आ रहा है, जिसने अफग़ानिस्तान के लोगार क्षेत्र में एक बारूदी सुरंग विस्फोट में अपना पैर खो दिया था। अब जब उसे नए कृत्रिम पैर मिले तो अहमद के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है और वह अपने वार्ड के आसपास भी नाचता हुआ नजर आ रहा है, यह देख कर अस्पताल में मौजूद अन्य मरीज़ मुस्कुराते नजर आ रहे हैं।

महज 20 सेकंड की की इस वीडियो क्लिप को अफग़ानिस्तान के एक अंतर्राष्ट्रीय रेड क्रॉस ऑर्थोपेडिक केंद्र में शूट किया गया था। ऑनलाइन साझा किए जाने के बाद से इस वीडियो को 3 लाख से अधिक बार देखा गया है। इसे हजारों लोगों ने रीट्वीट किया है और कमेंट भी किया है। इस दौरान कई लोगों ने अपने रिप्लाय में युद्ध ग्रस्त देश में रेड क्रॉस के बेहतरीन काम के लिए उन्हें धन्यवाद दिया है।

अफग़ानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन के अनुसार, देश में चले लम्बे संघर्ष में बच्चों सहित हजारों नागरिकों की चोट आई और यहां तक कि कई मौत भी हुई है।