कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी की तरफ से अब उनकी बहन प्रियंका गांधी ने भी स्मृति ईरानी पर हमला शुरू कर दिया है। स्मृति ईरानी के अमेठी में लोगों को तोहफे में जूते देने पर प्रियंका ने कहा कि अमेठी की जनता भीख नही लेती है।

इसके जवाब में स्मृति ईरानी ने भी अमेठी में पहुँचकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पर अपना पलटवार किया है। प्रियंका को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा “मैं एक्टर रह चुकी हूँ इसलिए प्रियंका जी एक्टिंग न ही करे तो बेहतर है।” उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास पहनने के लिए जूता नही था उन्हें उन्होंने जूता दिया है। उन्होंने प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि उनमें शर्म है तो वे खुद जाकर देख लें क्या सच है और क्या गलत है।

एएनआई को दिए अपने इंटरव्यू में उन्होंने कहा “आपके जितने रिश्तेदार हैं, भारत में, इटली में या विश्व के किसी भी कोने में सब को बुला लो। भारत की जनता न्याय करेगी और उसने देश के प्रधान सेवक को फिर से चुनने का पहले से इरादा कर लिया है। इस बार पूरे गांधी परिवार को जनता के द्वारा कड़ा संदेश दिया जायेगा।”

स्मृति ईरानी के अमेठी में जूते बांटने पर प्रियंका गांधी ने कहा था कि ‘जनता जानती है कि किसके दिल में अमेठी है।’ उन्होंने कहा “ये स्मृति ईरानी जी यहाँ आई और जूते बांटे। ये कहने के लिए कि इनके पास जूते भी नही है पहनने के लिए। ये सोच रही हैं कि ये राहुल गांधी का अपमान कर रही, लेकिन ये कर रही हैं अमेठी की जनता का अपमान। अमेठी की जनता ने कभी किसी से भीख नही मांगी है।”

ग़ौरतलब है कि स्मृति अमेठी में एक बार फिर राहुल गांधी को टक्कर दे रही हैं। अपनी चुनावी रैली में उन्होंने कई बार राहुल गांधी पर निशाना साधा है। वे कई बार अमेठी का दौरा भी कर चुकी हैं। वे राहुल गांधी को इस लोकसभा चुनाव में कांटे की टक्कर दे सकती हैं। पिछली बार वे कांग्रेस अध्यक्ष के जीत के अंतर को काफी हद तक कम करने में कामयाब रही थी। भाजपा इस बार उन पर पूरा भरोसा दिखा रही है।