मुंबई में दिखे कश्मीर की आज़ादी से जुड़े पोस्टर पर मचा सियासी घमासान, जानें किसने क्या कहा?

Go to the profile of  Rishabh Verma
Rishabh Verma
1 min read
मुंबई में दिखे कश्मीर की आज़ादी से जुड़े पोस्टर पर मचा सियासी घमासान, जानें किसने क्या कहा?

रविवार शाम दिल्ली के जेएनयू कैम्पस के अंदर छात्रों के दो गुटों में झड़प के बाद हुई हिंसा के खिलाफ कुछ जगहों पर विरोध प्रदर्शन किये गए। इन्हीं में से एक प्रदर्शन मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया पर भी हुआ जिसमे बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों ने शिरकत की। पर इसी प्रदर्शन के दौरान की एक तस्वीर ने विवाद भी पैदा कर दिया।

दरअसल इस प्रदर्शन के दौरान 'फ्री कश्मीर' लिखा एक पोस्टर नजर आया और इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने लग गई। इस पर सियासी बवाल मचा है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वर्तमान मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से इस बाबत सवाल किये।

उन्होंने ट्वीट के माध्यम से उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा। अपने ट्वीट में उन्होंने पूछा किया कि क्या उद्धव को 'फ्री कश्मीर' जैसा भारत विरोधी अभियान बर्दाश्त है? फडणवीस ने 'फ्री कश्मीर' के पोस्टर वाले विडियो ट्वीट कर लिखा, 'यह किस बात का प्रदर्शन है? फ्री कश्मीर के नारे क्यों लगाए जा रहे हैं? हम मुंबई में इस तरह के अलगाववादी तत्वों को कैसे बर्दाश्त कर सकते हैं?'

पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस के निशाना साधने के बाद शिवसेना की तरफ से मोर्चा सम्हाला शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने। उन्होंने कहा, 'फ्री कश्मीर' पोस्टर लेकर प्रदर्शन करने वालों का तात्पर्य कश्मीर में इंटरनेट सेवाओं और मोबाईल सेवाओं को लेकर प्रतिबंध हटाने से था। अगर कोई भारत से कश्मीर की आजादी की बात करता है तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।'

भाजपा नेता किरीट सौमेया ने इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत करने चले गए और उन्होंने इस मामले के खिलाफ शिकायत दर्ज कर भी दी है। किरीट सौमेया ने इस मसले पर कहा कि पुलिस ने उन्हें इस मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया है।

GO TOP