अरुणाचल प्रदेश की पहली महिला लेफ्टिनेंट कर्नल पोनूंग डोमिंग बन गई हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर डोमिंग को राज्य के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने ट्वीट किया और उन्हें बधाई दी साथ ही उनकी फोटो भी साझा की। अरुणाचल प्रदेश की वह भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल बनने वाली पहली महिला सैन्य अधिकारी हैं।

मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने ट्वीट में कहा, 'हमारे लिए गौरव का क्षण। मेजर पोंग डोमिंग ने इतिहास रच दिया है। वह अरुणाचल प्रदेश से भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल तक पहुंचने वाली पहली महिला सैन्य अफसर हैं।'

बता दें कि महिलाओं को सशस्त्र बलों में केवल अधिकारी के पद पर भर्ती किया जाता है। पिछले साल सरकार की तरफ से संसद में दी गई जानकारी के मुताबिक, सेना में महज 3.80 फीसदी महिला अधिकारी हैं। लोकसभा में केंद्र सरकार ने अपने एक लिखित उत्तर में कहा था कि भारतीय नौसेना में 6 प्रतिशत महिला अधिकारी हैं लेकिन भारतीय वायु सेना में महिला अधिकारियों की भागीदारी 13.09 प्रतिशत है।

आपको जानकारी दे दे कि पिछले महीने ही भारतीय वायु सेना में विंग कमांडर शैलजा धामी फ्लाइंग यूनिट में फ्लाइट कमांडर में शामिल होने वाली पहली महिला अधिकारी बनी थीं।  26 अगस्त को उन्होंने गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस में चेतक हेलिकॉप्टर यूनिट का चार्ज संभाला था।

अरुणाचल प्रदेश की पोनूंग डोमिंग पूर्वी सियांग जिले के पासीघाट के जीटीसी की निवासी  हैं। वो अपने 4 भाई-बहनों में सबसे बड़ी बेटी हैं। डोमिंग बचपन से ही सैन्य अफसर बनना चाहती थीं। वह सरकारी स्कूल से पढ़ीं है।