सबसे ख़तरनाक 'विक्टर फोर्स' के साथ 15 दिनों की ट्रेनिंग करेंगे महेंद्र सिंह धोनी

Go to the profile of  Prabhat Sharma
Prabhat Sharma
1 min read
सबसे ख़तरनाक 'विक्टर फोर्स' के साथ 15 दिनों की ट्रेनिंग करेंगे महेंद्र सिंह धोनी

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने विश्व कप के बाद अगले दो महीने भारतीय सेना के साथ बिताने का निर्णय लिया है। वे 31 जुलाई से 15 अगस्त के बीच जम्मू कश्मीर में सैनिक गतिविधियों से जुड़े रहेंगे। वे यहाँ 106 टेरिटोरियल आर्मी बटालियन (पैरा) के साथ ट्रेनिंग करेंगे। यह यूनिट ख़तरनाक विक्टर फ़ोर्स का हिस्सा है। धोनी यहाँ पर सैनिकों के साथ प्रमुख गतिविधियों - गश्त, गार्ड और पोस्ट ड्यूटी करेंगे।

ग़ौरतलब है कि महेंद्र सिंह धोनी ने वेस्टइंडीज दौरे से पहले ही बीसीसीआई को साफ़ कर दिया था कि वे अगले दो महीने के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। एम एस धोनी को 2011 में लेफ़्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक दी गई थी। लेकिन उन्हें प्रशिक्षण केवल एक बार ही दिया गया है।

आईपीएल का लंबा सत्र और फिर विश्व कप खेलने के बाद धोनी क्रिकेट से कुछ समय के लिए आराम चाहते थे। उनके प्रदर्शन और संन्यास की चर्चाओं के बीच उन्होंने सैनिकों के साथ रहने का बड़ा निर्णय लिया है। वे सेना में जाना चाहते थे, लेकिन किस्मत ने उन्हें क्रिकेटर बना दिया। अब सेना के साथ रखकर वे अपने सपने को साक्षात जी सकेंगे। महेंद्र सिंह धोनी को टेरिटोरियल आर्मी की पैराशूट रेजिमेंट में लेफ्टिनेंट कर्नल बनाया गया था। उनके संन्यास को लेकर उन्होंने अभी तक मीडिया में कोई जानकारी नहीं दी है।

क्रिकेट के साथ-साथ सेना के लिए भी धोनी का प्यार जगजाहिर है। वे अपनी रेजिमेंट के साथ समय बिताने का लंबे समय से सोच रहे थे। ग़ौरतलब है कि धोनी 2015 में क्वालिफाइड पैराट्रूपर भी बन गए थे। इसके लिए उन्होंने आर्मी विमान से पैराशूट के साथ पांच बार छलांग लगाई थी।

GO TOP