सोमवार को केंद्र सरकार ने लोकसभा में नागरिकता संशोधन विधेयक पास किया था। उसके बाद कल इसे राज्यसभा में पेश किया गया और वहां भी इस विधेयक को बहुमत से पास कर दिया गया है। कुछ राज्यों में इस बिल का विरोध किया जा रहा है। ऐसा ही कुछ हुआ है उत्तरप्रदेश के सहारनपुर के देवबंद में। यहाँ पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बिल के विरोध में हाईवे पर जाम लगा दिया है। जाम के बाद इन लोगों ने यहाँ पर नमाज़ भी अदा की है। पुलिस ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे सराहनपुर में धारा 144 लगा दी है।

नागरिकता संशोधन विधेयक के विरोध में उत्तरप्रदेश के सहारनपुर के देवबंद में मुस्लिम समुदाय के लोग पूरे शहर में नारेबाज़ी करते हुए मुजफ्फरनगर-सहारनपुर हाईवे की तरफ पहुँच गए। रास्ते में उन्हें पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उन्हें भी वे धक्का देकर आगे बढ़ गए। विरोध प्रदर्शन के दौरान इन लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के खिलाफ नारेबाज़ी भी की थी। इन लोगों का कहना है कि यह नागरिकता संशोधन बिल वापस लिया जाए। इन लोगों ने हाईवे पर जाम लगाते हुए सड़क पर नमाज़ भी अदा की।

विरोध प्रदर्शन के दौरान मदरसे के छात्रों ने अपने हाथों में नागरिकता संशोधन बिल की कॉपी भी ले रखी थी। जिसे वे पूरे रास्ते जलाते हुए चल रहे थे। इस नेतृत्वविहीन भीड़ ने अपना रुख हाईवे की तरफ किया और भीड़ ने पुलिस पर और वहां मौजूद लोगों पर भी पथराव किया गया। बाद में कुछ जन प्रतिनिधियों और प्रशासन के लोगों के बीच बातचीत के बाद जाम खुलवाया गया।