महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों के परिणाम आने के बाद कई दिनों तक राजनीतिक ड्रामा चलता रहा। इस ड्रामे की परिणीति फिलहाल शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस गठबंधन की उद्धव सरकार के तौर पर हो चुकी है। पर इस परिणीति से पहले पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 80 घंटे के लिए सीएम बन कर सनसनी मचा दी थी। अब देवेंद्र फडणवीस के 80 घंटे के सीएम बनने के पीछे के वजहों का खुलासा हुआ है और बताया गया है की ऐसा एक विशेष उद्देश्य से देवेंद्र फडणवीस ने जानबूझ कर किया था।

यह खुलासा भाजपा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे अनंत कुमार हेगड़े ने किया है। हेगड़े ने यह दावा किया है की महाराष्ट्र में भाजपा ने देवेंद्र फडणवीस को 40 हजार करोड़ का फंड बचाने के लिए 80 घंटे का सीएम बनाने का नाटक किया। बता दें की इस तरह की बातें पिछले दिनों सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुई हैं पर इसकी सत्यता की पुष्टि नहीं हुई थी। पर अब यही बातें भाजपा नेता द्वारा कहे जाने के बाद इसपर चर्चा चल निकली है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने इस बारे में बात करते हुए बताया कि, 'आप सभी जानते हैं कि महाराष्ट्र में हमारा आदमी (फडणवीस) 80 घंटे के लिए मुख्यमंत्री बना और उसके बाद इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह नाटक क्यों किया? क्या हमें नहीं पता था कि हमारे पास बहुमत नहीं था और फिर भी वह सीएम बन गए। यह वह सवाल है जो हर कोई पूछता है।'

अनंत हेगड़े ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि, 'मुख्यमंत्री के पास करीब 40 हजार करोड़ की केंद्र की राशि थी। अगर कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना सत्ता में आते तो वे 40 हजार करोड़ का दुरुपयोग करते। यही कारण है कि केंद्र सरकार के इस पैसे को विकास के लिए इस्तेमाल में नहीं लाया जा सके, इसके लिए ड्रामा किया गया।'

उन्होंने आगे कहा कि, 'बहुत पहले से बीजेपी की यह योजना थी। इसलिए यह तय किया गया कि एक नाटक होना चाहिए और इसी के तहत फडणवीस ने सीएम पद की शपथ ली। शपथ लेने के 15 घंटे के अंदर फडणवीस ने सभी 40 हजार करोड़ रुपयों को उस जगह पर पहुंचा दिया जहां से वो आए थे। इस तरह फडणवीस ने सारा पैसा वापस केंद्र सरकार को देकर बचा लिया।'