चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीख की घोषणा कर दी है। इन दोनों राज्यों में 21 अक्टूबर को एक ही चरण में मतदान होने वाले है और 24 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने चुनावी कार्यक्रम की जानकारी दी और बताया कि 27 सितंबर को दोनों राज्यों में अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके लिए 4 अक्टूबर तक नामांकन कर सकते है और 7 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिए जायेंगे। इसके अतिरिक्त 21 अक्टूबर को ही अलग-अलग राज्यों की 64 विधानसभा सीटों और बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट पर उपचुनाव होगा।

बता दें कि 288 विधानसभा सीटों वाले महाराष्ट्र में और 90 सीटों वाले हरियाणा में एक ही राउंड में मतदान होने वाला है। चुनावी शेड्यूल की घोषणा के बाद ही दोनों राज्यों में चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। अब से दोनों राज्यों में कोई नई घोषणा नहीं होगी।  इस चुनावों में महाराष्ट्र में 8.9 करोड़ वोटर और हरियाणा में 1 करोड़ 28 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी न देने पर कैंडिडेट्स का पर्चा रद्द हो जायेगा। कैंडिडेट्स के लिए खर्च की सीमा आयोग ने 28 लाख रुपये निर्धारित की है। जबकि चुनावी खर्च की निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी।  

महाराष्ट्र में मतदान की प्रक्रिया को पूर्ण करने हेतु 1.8 लाख ईवीएम का उपयोग किया जायेगा जबकि हरियाणा में 1.3 लाख ईवीएम का उपयोग होगा। 2 नवंबर को हरियाणा में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल ख़त्म हो रहा है और 9 नवंबर को महाराष्ट्र में कार्यकाल समाप्त होगा। दोनों ही राज्यों में बीजेपी की सत्ता है इसलिए उसे दोनो राज्यों में अपनी सत्ता को बचाए रखने की कड़ी चुनौती होगी। बीजेपी हरियाणा में बहुमत के साथ शासन में है जबकि महाराष्ट्र में शिवसेना के साथ गठबंधन सरकार चला रही है।