विधायक हाजी इशराक खान ने दबाये कांवड़ियों के पैर और कहा, "जय श्रीराम"

Go to the profile of  Nikhil Talwaniya
Nikhil Talwaniya
1 min read
विधायक हाजी इशराक खान ने दबाये कांवड़ियों के पैर और कहा, "जय श्रीराम"

सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल कांवड़ कैंप का जायजा ले रहे थे। इस बीच यहाँ सांप्रदायिक सौहार्द का अनोखा उदाहरण देखने मिला। कांवड़ शिविर में पहुंचे सीलमपुर के विधायक हाजी इशराक खान यहाँ कांवड़ियों के पैर दबाते हुए दिखाई दिए। उन्होंने देश की गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी मिशाल पेश की। उन्होंने अपने दोनों हाथ उठाकर बम-बम भोले और जय श्री राम के नारे भी लगाए।

मुस्लिम विधायक की इस तरह की सेवा को देखकर कांवड़ियों में भी उत्साह देखने को मिला। इस बीच विधायक ने भी शिव भक्तों के साथ ख़ूब शेल्फी ली। मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और इशराक खान ने कांवड़ियों के साथ भोजन किया और फिर आशीर्वाद लिया।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने शिविर में कांवड़ियों को भोजन कराया और पानी पिलाया। उन्होंने वहां भगवान शिव की आरती भी की। इस मौके पर इशराक खान ने कहा कि शिव भक्त हरिद्वार से गंगा जल लाकर शिवलिंग पर चढ़ाते हैं, जिनसे उनकी मनोकामना पूरी होती है।  

इस मौके पर उन्होंने यह भी कहा कि शिव भक्तों की सेवा करना एक मुस्लिम की सच्ची श्रद्धा है। उन्होंने कहा कि एकता भारत की पहचान है, यहाँ सभी धर्म और जाति के लोग एक साथ मिलकर रहते हैं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हिन्दू या मुस्लिम सभी के पूर्वज एक ही हैं। हमें हर धर्म की इज़्ज़त करनी चाहिए, कोई भी धर्म किसी से बैर रखना नहीं सिखाता है।

लोकसभा चुनावों में मिली हार के बाद अरविन्द केजरीवाल दिल्ली में काफी सक्रीय दिखाई दे रहे हैं। वे यहाँ पर अपनी राजनीतिक मज़बूती के लिए तरह तरह की दांव चल रहे हैं। उन्होंने कई लोकलुभावन योजनाओं की घोषणा भी की है। सभी धर्मों के लिए मुफ्त यात्रा भी उन्होंने शुरू कर दी है।

GO TOP