कांवड़ यात्रा में DJ पर प्रतिबंध नहीं, लेकिन फ़िल्मी गाने नहीं, भजन बजाये जा सकेंगे - योगी आदित्यनाथ

Go to the profile of  Nikhil Talwaniya
Nikhil Talwaniya
1 min read
कांवड़ यात्रा में DJ पर प्रतिबंध नहीं, लेकिन फ़िल्मी गाने नहीं, भजन बजाये जा सकेंगे - योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही मुजफ्फरनगर और मेरठ में कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेंगे। वे रविवार को वीतराग स्वामी कल्याणदेव की 15 वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए भागवत पीठ शुकदेव आश्रम में पहुँचेंगे। एक पखवाड़े में यह दूसरा मौका है जब मुख्यमंत्री योगी सहारनपुर जोन के दौरे पर हैं। इससे पहले 29-30 जून को भी उन्होंने यहाँ आकर क़ानून व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा की थी। ‌‌

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार योगी आदित्यनाथ 24 जुलाई को मेरठ का दौरा भी करने वाले हैं। इस दौरान वे वहां ज़रुरी सुविधाओं और सुरक्षा बंदोबस्त का जायजा लेंगे। कांवड़ यात्रा को लेकर योगी आदित्यनाथ बहुत गंभीर हैं। उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। ‌‌

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बार भी अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों पर हेलिकॉप्टर से फूल-पंखुड़ियां बरसाने का इंतज़ाम करने का आदेश दिया है। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने डीजे बजाने की छूट दी है, लेकिन उन्होंने साफ़ कहा है कि इन पर भजन के अलावा और कुछ नहीं बजेगा। उन्होंने फ़िल्मी गाने को बजाने से सख्त मना किया है। कांवड़ यात्रा बिना किसी अड़चन के सफलतापूर्वक संपन्न हो इसके लिए अधिकारियों को हर जिला, ज़ोन और मंडल स्तर पर विभागीय बैठक करके आपस में तालमेल करने का निर्देश दिया है। ‌‌

प्रतिवर्ष श्रावण मास में दूर-दूर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पवित्र गंगा नदी से जल भरकर पैदल यात्रा करते हैं, इसे ही कांवड़ यात्रा कहा जाता है। श्रावण मास की चतुर्दशी को इस गंगा जल से भगवान शिव का अभिषेक किया जाता है। जल की महत्ता को रेखांकित करता हुआ ये हिन्दू पर्व लम्बे समय से हमारी संस्कृति का हिस्सा है। इंसान ने अपने स्वार्थ के वश में होकर शिव को रुष्ट किया है। कांवड़ यात्रा से न केवल शिव को प्रसन्न किया जाता है, बल्कि जीवनदायिनी नदियों की तरफ लौटने का संदेश भी दिया जाता है।‌

GO TOP