देश के कुछ राज्यों में चुनाव चल रहे जिसके कारण सभी राजनैतिक पार्टियों के कार्यकर्ता और सभी बड़े पदाधिकारी चुनाव प्रचार में लगे हुए है। आज भाजपा अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह भी चुनाव प्रचार के लिए महाराष्ट्र गए थे। अमित शाह ने महाराष्ट्र के सोलापुर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया।

इस सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा "भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो अपने छोटे से छोटे कार्यकर्ता को भी बड़े से बड़े पद पर आसीन करती है। भाजपा वो पार्टी है जो असहाय लोगों की मदद करने वालों को चुनाव में मौके देती है। दूसरी ओर कांग्रेस और एनसीपी है जो अपने परिवार के सदस्यों को ही टिकट देती है।"

अमित शाह ने कांग्रेस और एनसीपी पर आरोप लगाते हुए कहा "जब मोदी जी अनुच्छेद 370 हटाने का प्रस्ताव लेकर आए, तो कांग्रेस और NCP दोनों इसे हटाने का विरोध कर रहे थे। राहुल गांधी और कांग्रेस ने तो ये तक कहा कि कश्मीर में खून की नदियां बह जाएंगी। खून की नदियां तो छोड़िए पूरा कश्मीर आज शांत और सलामत है।"

अमित शाह ने राहुल गांधी और पाकिस्तान की सोच को एक बताते हुए कहा "बालाकोट में सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान भी सबूत मांगता है, राहुल गांधी भी सबूत मांगते हैं। मोदी जी अनुच्छेद 370 हटाते हैं, तो पाकिस्तान भी विरोध करता है, राहुल गांधी भी विरोध करते हैं। समझ नहीं आता कि हर बार पाकिस्तान और राहुल गांधी की सोच एक क्यों होती है?"

अमित शाह ने महाराष्ट्र के विकास के बारे में चर्चा करते हुए कहा "भाजपा की मोदी जी और फडणवीस जी की डबल इंजन सरकार ने महाराष्ट्र का विकास करने और राज्य को आगे ले जाने का कार्य किया है। पहले सरकारें आती थी, वो एक जाति और एक क्षेत्र की सरकार होती थी। लेकिन भाजपा की सरकार हर जिले और हर जाति का विकास करने वाली सरकार है।"

ग़ौरतलब है कि महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को वोटिंग है और 24 अक्टूबर को चुनाव के परिणाम घोषित कर दिया जायेगा। अब देखना यह है कि महाराष्ट्र की जनता किसे चुनती है।