लोकसभा चुनाव में अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा की प्रचंड जीत और अब ग्रह मंत्री बनने के बाद भाजपा में नए अध्यक्ष को मनोनीत करने के लिए भाजपा के वर्तमान अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह ने आज सुबह दिल्‍ली स्थित भाजपा मुख्‍यालय पर बैठक का आयोजन किया जिसमे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, उमा भारती, जेपी नड्डा, सांसद एवं दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के साथ संगठन मंत्री भी उपस्थित हैं।

भाजपा मुख्यालय में होने वाली इस बैठक में लोकसभा चुनाव की समीक्षा भी की जायेगी। साथ ही झारखंड, हरियाणा और महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार आज की इस बैठक में भाजपा के नए अध्यक्ष के नाम पर भी चर्चा की जाएगी। इस बार संगठन में फेरबदल करके कई नए चेहरों को भी जगह दी जा सकती है। संगठन के चुनाव होने में अभी कुछ महीनों का समय और लग सकता है यह प्रक्रिया लगभग इस वर्ष की अक्टूबर या नवंबर महीने तक पूर्ण हो सकती है और आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा के अध्यक्ष इन चुनावों तक अमित शाह ही रह सकते है।

जानकारी दे दें कि अमित शाह और वर्तमान भाजपा के पदाधिकारियों का कार्यकाल इस वर्ष की शुरुआत में ही खत्म हो गया था परन्तु लोकसभा चुनाव के कारण भाजपा ने अपने संगठन के चुनाव को स्थगित कर दिया था।