एडमिरल करमबीर सिंह ने शुक्रवार को भारतीय नौसेना के 24 वें प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण किया। एडमिरल सिंह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खडकवासला के पूर्व छात्र हैं। जुलाई 1980 में वे भारतीय नौसेना में शामिल हुए, वे 1981 में हेलीकॉप्टर पायलट बने और चेतक (अलौएट) तथा कामोव हेलीकॉप्टरों पर बड़े पैमाने पर उड़ान भरी।

वह नौसेना के सशस्त्र बलों का नेतृत्व करने वाले भारतीय नौसेना के पहले हेलीकॉप्टर पायलट भी है। अपने लगभग 40 साल के करियर के दौरान मिसाइल कोरवेट INS विजयदुर्ग, गाइडेड-मिसाइल डिस्ट्रॉयर INS राणा और INS दिल्ली की कमान संभालने के बाद, अब वह नवंबर 2021 तक नौसेना प्रमुख बने रहेंगे।

उन्होंने इस दौरान बोलते हुए कहा "मेरे पूर्ववर्तियों ने सुनिश्चित किया कि नौसेना के पास एक ठोस आधार है और अब वह नई ऊंचाइयों तक पहुंच गया है। यह मेरा प्रयास रहेगा कि मैं उनके प्रयासों को जारी रखूं और राष्ट्र को एक मजबूत, विश्वसनीय और समुद्री क्षेत्र में सुरक्षा सम्बन्धी चुनौती को पूरा करने के लिए तैयार करूं।"

बता दें की वे रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन से स्नातक हैं। कॉलेज ऑफ नेवल वारफेयर, मुंबई और इन दोनों संस्थानों में निर्देशन स्टाफ के रूप में भी उन्होंने कार्य किया है।

नए नौसेना प्रमुख ने पहले महाराष्ट्र और गुजरात नौसेना क्षेत्र में फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग के रूप में भी कार्य किया था। वे प्रोजेक्ट सीबर्ड के महानिदेशक, नौसेना कर्मचारियों के उप प्रमुख और पूर्वी नौसेना का कमान भी सम्हाला है।