उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल यानि 7 जून को भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या का दौरा करेंगे। इस दौरान वे अयोध्या नगरी में 7 फुट की भगवान राम की प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा भगवान राम की प्रतिमा लगाने की घोषणा के बाद प्रदेश में राम के भक्तों में ख़ुशी की लहर दौड़ गई है। उनके द्वारा प्रतिमा को लगाने के लिए भूमि का चिह्नांकन भी कर लिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में प्रतिमा के अनावरण के कार्य में चार चाँद लगने वाले हैं।

अयोध्या में अयोध्या शोध संस्थान के द्वारा 7 फुट की भगवान राम की मूर्ति को शिल्प संग्राहलय में स्थापित किया जाएगा। काष्ठ कला से निर्मित इस मूर्ति को कावेरी कर्णाटक स्टेट आर्ट एंड क्रॉफ्ट एम्पोरियम से ख़रीदा गया है।

भगवान राम की इस मूर्ति की कीमत 35 लाख रूपये है। इसे 2017 में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। 7 जून को योगी आदित्यनाथ न्यास के अध्यक्ष गोपाल दास के जन्मोत्सव में सम्मिलित होंगे तथा भगवान श्री राम की मूर्ति का भी अनावरण करेंगे।

इस प्रतिमा का निर्माण एमएम मूर्ति के द्वारा किया गया है। इस अवसर पर 7 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन्हें भी सम्मानित करेंगे। रामकथा संग्राहलय में स्थापित कर्णाटक शैली के कोदम्ब राम (भगवान राम के 5 अवतारों में से एक) की प्रतिमा को आमजन के दर्शन के लिए भी उपलब्ध कराया जाएगा।

कोदंब राम भगवान के जीवन की उस अवस्था को दर्शाती है जब भगवान राम अपनी पत्नी सीता से बिछड़ गए थे। सीता जी का अपहरण लंका के राक्षस रावण ने कर लिया था। श्री राम की इस प्रतिमा में उन्हें भाई लक्ष्मण और सीता जी के बिना दिखाया गया है।