पश्चिम बंगाल में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यह मामला पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के सरकारी अस्पताल में हुआ है। यहाँ एक महिला के पेट से गहने और सिक्के निकाले गए हैं जिसे देखकर डॉक्टर भी हैरान हो गए। एक डॉक्टर ने बताया कि डेढ़ किलो के गहने और सिक्के मानसिक रूप से अस्थिर महिला के पेट से निकाले गए है।

रामपुरहाट के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में सर्जरी विभाग के प्रमुख सिद्धार्थ बिस्वास ने इस बारे में बताया कि 26 साल की महिला के पेट से 5 और 10 रु के 90 सिक्के निकाले गए है और गहने में मसलन चेन, झुमके, नाक की अंगूठी, चूड़ियां, कलाई के बैंड, पायल, घड़ियां भी मिलीं।

मार्गग्राम पुलिस थाने की सीमा के पास एक गांव में इस महिला का घर है। महिला की मां ने बताया कि उनकी बेटी मानसिक रूप से अस्वस्थ है कुछ दिनों से वह खाना खाने के बाद ही उल्टी कर देती थी। उसकी माँ ने बताया कि उसके भाई की दुकान से ही उसकी बेटी को सिक्के मिले है।

महिला की मां ने बताया कि, उन्होंने ध्यान दिया कि घर से गहने गायब हो रहे है। लेकिन उससे पूछताछ करने पर वह रोने लगती थी। इस कारण हम उस पर नजर रखने लगे। परन्तु वह किसी तरह सभी सामग्रियों को निगल जाती थी। पिछले दो महीनों से वह ठीक नहीं थी। जिसके कारण उसे कई निजी डॉक्टरों के पास भी ले गए थे और उसकी दवा चल रही थी, परन्तु उसका कोई असर नहीं हो रहा था।  

इसके बाद इस महिला को अस्पताल लाया गया, वहां डॉक्टरों ने करीब एक सप्ताह तक कई परीक्षण किये। बाद में बुधवार को उसका ऑपरेशन किया गया।