सभी एग्जिट पोल में एनडीए ने बाज़ी मारी, यूपीए 150 सीटों तक रहेगा सीमित

Go to the profile of  Nikhil Talwaniya
Nikhil Talwaniya
1 min read
सभी एग्जिट पोल में एनडीए ने बाज़ी मारी, यूपीए 150 सीटों तक रहेगा सीमित

2019 के लोकसभा चुनावों में एग्जिट पोल्स के आधार पर एनडीए को पूर्ण बहुत मिलता दिख रहा है। विभिन्न चैनलों द्वारा चुनाव के बाद किये गए सर्वे में एनडीए को फिर से बहुमत मिलने की संभावना दिख रही है। सभी एग्जिट पोल में भाजपा और उसके सहयोगी दलों को लगभग 300 सीटें मिलने का अनुमान है।

इन एग्जिट पोल के नतीज़ों में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए को सिर्फ 150 के आसपास सीटें मिलने का अनुमान है। रिपब्लिक-सी वोटर के सर्वे के अनुसार एनडीए को 287, यूपीए को 128 तथा अन्य को 127 सीट मिलने के आसार हैं।

इंडिया टीवी के एग्जिट पोल में एनडीए को 300, यूपीए को 120 और अन्य को 122 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। वहीं आजतक के अनुसार एनडीए को 339-365 सीटें, यूपीए को 77-107 सीटें और अन्य को 69-95 सीटें मिल सकती हैं। न्यूज़ 24 के एग्जिट पोल के अनुमान के अनुसार एनडीए को 350 सीटें, यूपीए को 95 तथा अन्य को 97 सीटें मिलने का अनुमान है।

एग्जिट पोल के अनुमान के आधार पर एनडीए फिर से सत्ता में आ रही है तथा मोदी फिर से देश के प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। चुनाव बाद के ओपिनियन पोल में भाजपा और उसके सहयोगी दलों को 300 के करीब सीट मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है।

एग्जिट पोल के नतीजों के अनुसार उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में एनडीए को आश्चर्यजनक सफलता मिलती दिख रही है। टुडेज चाणक्य के अनुसार उत्तर प्रदेश में बीजेपी को 65 तथा गठबंधन को 13 सीटें मिलने का अनुमान है। पश्चिम बंगाल में बीजेपी को 18 तथा तृणमूल कांग्रेस को 23 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। टुडेज चाणक्य के अनुसार ओडिशा में बीजेपी को 14 और बीजेडी को 7 सीटें मिल सकती हैं।

दिल्ली में भी एग्जिट पोल के नतीजे बीजेपी के पक्ष में आये हैं। यहाँ की सभी 7 सीटों पर भाजपा की जीत का अनुमान लगाया गया है। यहाँ पर प्रबल दावेदारी दिखाने वाली आप और कांग्रेस पार्टी को एक भी सीट नही मिल रही है। दिल्ली में भाजपा की नए चेहरों को उतारने की रणनीति काम करती हुई दिखाई दे रही है।

टाइम्स नाउ और वीएमआर के एग्जिट पोल के अनुसार राजस्थान में भी कांग्रेस भाजपा से बड़े अंतर से पिछड़ रही है। यहाँ पर कांग्रेस को सिर्फ 4 बल्कि भाजपा को 20 सीटें मिलती दिख रही है।

एबीपी नील्सन के एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा पश्चिम बंगाल में भी कांग्रेस को पछाड़ती दिख रही है। यहाँ पर भाजपा को कुल 16 सीटें मिलने का अनुमान है, वहीं यहाँ कांग्रेस को महज 2 सीटें मिल रही हैं। एबीपी नील्सन के एग्जिट पोल अनुमान में बिहार में भाजपा-जेडीयू के गठबंधन को 34 सीट मिलता हुआ दिखा रहे हैं। कर्णाटक, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी एग्जिट पोल के अनुमानित नतीजे भाजपा के पक्ष में हैं।

सभी लोकसभा सीटों के चुनाव कल 19 मई को संपन्न हो गए हैं। वोटों की गिनती और परिणामों की घोषणा 23 मई को की जायेगी।

GO TOP