उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इलाहबाद का नाम बदलकर उसके पुराने नाम प्रयागराज को पुनः आधिकारिक नाम घोषित कर दिया था। अब खबर आ रही है कि यूपी सरकार आगरा का नाम बदलने वाली है। इसकी तैयारी के लिए आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग को आगरा के नए नाम के लिए रिसर्च करने के आदेश दिया है। इसकी जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन ने दी है। ग़ौरतलब है कि प्राचीन समय में यमुना किनारे बसे आगरा का नाम अग्रवन था और अब आगरा को अग्रवन करने के कयास लगाए जा रहे है।

जब से यूपी में यह बात फैली है कि आगरा का नाम परिवर्तित होने वाला है तब से अलीगढ़ को हरिगढ़ करने की बात ने तूल पकड़ लिया है। भाजपा के जन प्रतिनिधियों ने भी अलीगढ़ का नाम बदलने की बात प्रारम्भ कर दी है।

ग़ौरतलब है कि वर्ष 1992 में यूपी के मुख्यमंत्री रहे कल्याण सिंह ने अपने कार्यकाल में अलीगढ़ का नाम परिवर्तित करने का प्रयास किया था परन्तु उस समय केंद्र में कांग्रेस की सरकार होने के कारण यह काम नहीं हो पाया था।

जानकारी दे दें कि विश्व हिन्दू परिषद ने वर्ष 2015 में एक प्रदेशव्यापी बैठक का आयोजन कर एक प्रस्ताव पास किया था जिसमे अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने की मांग की थी।

भाजपा सांसद सतीश गौतम ने अलीगढ़ का नाम परिवर्तित करके हरीगढ़ किये जाने की मांग करते हुए कहा "पूर्व में भी अलीगढ़ को उसके प्राचीन नाम हरिगढ़ दिलाने की मांग उठाई जा चुकी है। शासन स्तर पर भी इस बाबत अवगत कराया गया है की अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ नाम होना चाहिए। वहीं विधायक संजीव राजा ने कहा कि पुरातन समय से हरिगढ़ नाम से ही शहर को जाना जाता था, लेकिन मुगल काल में इसे अलीगढ़ कर दिया गया। इसे पुराने स्वरूप वापिस लौटाने का समय आ गया है।"