मनुष्य को जब भूख लगती है तो वो खाना खाता है परन्तु मध्य प्रदेश में एक ऐसा शख्स है जो खाने में अनाज नहीं खाता बल्कि कांच (शीशा) खाता है। यह शख्स अन्न  के स्थान पर कांच को खाकर अपना पेट भरता है। यह शख्स ऐसा 1 या 2 दिन नहीं बल्कि पिछले 40-45 साल से लगातार करता आ रहा है।

बता दें कि पिछले 40-45 साल से मध्य प्रदेश के डिंडोरी के रहने वाले दयाराम साहू को कांच खाने की आदत है। पेशे से वकील दयाराम साहू ने अपने इस अजीबोगरीब आदत को लेकर कहा की, 'यह मेरे लिए किसी लत की तरह है और इसकी वजह से मेरे दांत भी खराब हो चुके हैं।'

उन्होंने कहा, 'मैं लोगों को कहना चाहता हूँ कि आप इसे कभी मत अपनाइयेगा क्योंकि यह आपके शरीर और स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है।'

दयाराम साहू ने अपनी इस आदत को लेकर यह भी बताया कि अब उनके शरीर में कांच खाने की वजह से पीड़ा होने लगती है जिस कारण वो खुद भी इस बुरी लत को छोड़ना चाहते हैं।  

दयाराम के अनुसार उन्हें कांच खाने की आदत तब लगी जब वह महज 14-15 साल के थे। पहले दयाराम दिन भर में एक किलो कांच खाते थे। कांच खाने के कारण उनके दांत कमजोर हो गए। बता दें कि उनकी यह आदत देखकर उनकी पत्नी भी पहले चौंक गई थीं।